सस्ते आयात की वजह से बीते सप्ताह तेल तिलहन कीमतों में गिरावट

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कारोबार के मिले जुले रुख के बीच स्थानीय तेल तिलहन बाजार में बीते सप्ताह कारोबार का मिला जुला रुख रहा। बाजार सूत्रों ने कहा कि बारिश के कारण मंडी में तिलहन फसलों की आवक कम होने और साधारण मांग की वजह से सोयाबीन की कीमत में तेजी आई। वहीं स्टॉक की अधिकता के बावजूद कारोबारियों की स्थानीय मांग बढ़ने से पामोलीन के भाव में पिछले सप्ताहांत मामूली तेजी रही। वायदा कारोबार में सटोरियों के दबाव में भाव टूटने और सस्ते खाद्य तेलों के आयात बढ़ने के बावजूद साधारण मांग रहने के पिछले सप्ताहांत के मुकाबले सरसों दाना 45 रुपये सुधरकर 3,955-3,975 रुपये प्रति क्विन्टल पर बंद हुआ। लेकिन इस सुधार के बावजूद मौजूदा भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे है और वायदा बाजार में किसानों को फसल सस्ते में बेचना पड़ रहा है। इसी तरह सरसों दादरी के भाव भी पिछले सप्ताहांत के मुकाबले 60 रुपये सुधरकर समीक्षाधीन सप्ताहांत में 7,900 रुपये प्रति क्विन्टल पर बंद हुआ। सरसों पक्की घानी और कच्ची घानी के भाव क्रमश: पांच-पांच रुपये सुधरकर सप्ताहांत में क्रमश: 1,280-1,580 रुपये और 1,480-1,630 रुपये प्रति टिन पर बंद हुए। तिल मिल डिलिवरी 11,000-16,500 रुपये प्रति क्विन्टल पर अपरिवर्तित बना रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भाव सुधरने और स्थानीय कारोबारियों की मांग बढ़ने से सोयाबीन मिल डिलिवरी दिल्ली, सोयाबीन इंदौर और सोयाबीन डीगम के भाव क्रमश: 20 रुपये, 100 रुपये और 30 रुपये के सुधार के साथ क्रमश: 8,050 रुपये, 7,920 रुपये और 7,030 रुपये प्रति क्विन्टल पर बंद हुए। साधारण मांग की वजह से सीपीओ एक्स-कांडला का भाव 10 रुपये सुधरकर 5,530 रुपये क्विन्टल पर बंद हुआ। दूसरी ओर बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा) का भाव 7,350 रुपये क्विन्टल पर अपरिवर्तित बना रहा। मलेशिया से पामतेल का आयात सरसों व अन्य तेलों के मुकाबले अधिक सस्ता बैठ रहा है जिसके कारण स्थानीय स्तर पर इसकी खपत निरंतर बढ़ रही है। समीक्षाधीन सप्ताहांत में पामोलीन आरबीडी दिल्ली और पामोलीन कांडला के भाव 20 - 20 रुपये सुधरकर सप्ताहांत में क्रमश: 6,820 रुपये और 6,160 रुपये क्विन्टल पर बंद हुए।अन्य खाद्य एवं अखाद्य तेलों सहित मक्का खल के भाव पूर्व सप्ताहांत के स्तर पर ही बंद हुए।


from Latest Business News in Hindi - बिज़नेस खबर, बिज़नेस समाचार, व्यवसाय न्यूज हिंदी में | Navbharat Times http://bit.ly/2LxxiWr
Previous Post
Next Post
Related Posts